आकर्षक दिखना हर महिला की चाहत होती है। इसके लिए वह बहुत मेहनत भी करती है। और अपने रूप सौंदर्य को निखारने के लिए महिलायें सबसे ज्यादा भरोसा मेकअप पर करती हैं। लेकिन, अकसर मेकअप के दौरान कुछ गलतियां या चूक हो जाती हैं। इनसे रूप निखरने के बजाय बिगड़ भी सकता है।
कभी फाउंडेशन ज्यादा हो जाता है, तो कभी मस्कारा आईब्रो पर लग जाता है। लिपस्टिक होंठों की लाली बढ़ाते-बढ़ाते कभी दांतों को रंग देती है, पता ही नहीं चलता। और साचिये कि ऐसे लुक के साथ अगर आप किसी पार्टी में जाएं तो बेशक आप दूसरों से अलग तो नजर आएंगी, लेकिन अंदाज जरा दूसरा होगा।
चलिये हम आपको मेकअप से जुड़ी ऐसी पांच गलतियों और उनके समाधान के बारे में बताते हैं। ये टिप्स अपनाकर और थोड़ी सी सावधानी बरतकर आप अगली बार मेकअप करते समय इन गलतियों से बच सकती हैं।
लिपस्टिक का फैलना
गलती 1 : लगाते समय लिपस्टिक फैलना और देर तक नहीं टिकना।
समाधान : यह सबसे बड़ी गलती जो अक्सर महिलाओं से हो जाती है। लिपस्टिक लगाते समय या तो होठों के बाहर फैल जाती है या फिर दांतों पर लग जाती है। लिपस्टिक के फैलने पर लिप ब्रश या कॉटन पर थोड़ा सा मॉश्स्चराइजर लगा कर इसे पोछें। और दांतों पर लगने पर टूथ-पिक पर थोड़ी सी कॉटन लगाकर इसे पोछ दें। लिपस्टिक दांतों पर न लगे, इसके लिपस्टिक लगाने के बाद, अतिरिक्त लिपस्टिक साफ करने के लिए टिश्यू पेपर पर लूज पाउडर लगा कर होंठो के बीच में कुछ देर रखें। और साथ ही होंठो पर आउट लाइन बना लें। इससे लिपस्टिक फैलती भी नहीं और देर तक टिकती है।
मस्कारे का ब्रो बोन पर लगना
गलती 2 : मस्कारा लगाते समय ब्रो बोन पर लग जाना।
समाधान : आंखों को पूरा मेकअप करने के बाद ठीक उसी समय आपको ब्रो बोन पर ब्रश के धब्बे नजर आने लगते हैं। इस समस्या से बचने यदि मस्कारा वाटरप्रूफ है तो कॉटन बड को मेकअप रिमूवर में डिप करके इसे धीरे-धीरे साफ करें और सूखने के बाद थोड़ा सा कॉम्पेक्ट लगा लें। अगर मस्कारा वाटर रेजिस्टेंट है तो इसे पानी से साफ करने की कोशिश करें।
अंडर आई डार्क सर्कल के लिए कंसीलर
गलती 3 : काले घेरों को छिपाने के लिए कंसीलर लगाना स्वाभाविक नहीं लगता।
समाधान: आई क्रीम या आंखों का सीरम आवश्यक है लेकिन कंसीलर लगाने से पहले इसका त्वचा में अब्जॉर्ब होने देना चाहिए। अगर आंखों की क्रीम अब भी नहीं है तो कंसीलर जल्दी क्रीज होकर अन-नैचुरल लगने लगता है। हमेशा आंखों के नीचे कंसीलर को रगड़ना नहीं थपथपाना चाहिए। रंगडने से चारों और फैल जाता है।
ज्यादा ब्लश का प्रयोग
गलती 4 : ब्लशर के ज्यादा होने से सौंदर्य का बढ़ने की बजाय कम होना।
समाधान : अगर ब्लशर करने के बाद आपको महसूस हो कि यह ज्यादा दिख रहा है तो एक साफ ब्लश-ब्रश से एक्स्ट्रा ब्लश साफ कर दें। टिश्यू पेपर से स्क्रब न करें, इससे त्वचा को नुकसान हो सकता है। ब्लश इस्तेमाल करना हो तो फाउंडेशन जरूर लगाना चाहिए। ब्लशर लगाते हुए यह पता होना चाहिए कि इसकी सही मात्रा क्या है और फिर इसे मेकअप बेस के साथ ब्लेंड करने के लिए क्लॉकवाइज और एंटीक्लॉकवाइज लगाये। साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि कॉम्पेक्ट के साथ मिलने वाले ब्रश छोटे होते हैं। हमेशा फुल साइज ब्लश ब्रश का इस्तेमाल करें।
आइलाइनर का टेढ़ा-मेढ़ा लगना।
गलती 5 : आंखों की सुंदरता को कम कर देता है टेढा-मेढा आइलाइनर। लगना।
समाधान : कभी-कभी लाइनर लगाते हुए लैशेज के बीच के स्पेस का ध्यान नहीं रहने से आइलाइनर फैल जाता है। इस गलती को सुधारना बहुत आसान है। लाइनर को लगाने के लिए कोहनी को टेबल पर टिका कर लाइनर लगाएं जिससे हाथ हिलने की संभावना कम रहेगी। फिर भी आइलाइनर के फैल जाने पर स्मॉल ब्रश या कॉटन बड पर थोडी सा मॉयस्चराइजर लगा कर इससे पोछें।
जरूरत पड़ने पर मेकअप को ठीक किया जा सके, इसके लिए अपनी मेकअप किट में टिश्यू पेपर्स, इयर बड्स, कॉम्पेक्ट और पर्स मिरर जरूर रखें। साथ ही ऊपर दीं टिप्स को अपनाकर आप इन मुश्किलों से बच सकती हैं।